मुख्य समाचारः -
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज शाम विश्व आर्थिक मंच के दावोस सम्मेलन में संबोधन।
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आज राष्ट्रीय कैडेट कोर की रैली को संबोधित करेंगे।
तीन और राफाल लडाकू विमान भारतीय वायुसेना में शामिल।
कोरोना महामारी के दौर में भारत ने एक सौ पचास से अधिक देशों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
भारत में निर्मित कोविशील्ड टीके की पांच लाख खुराकें आज श्रीलंका भेजी जाएंगी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के विशेषज्ञ चीन के वुहान में कोरोना वायरस की उत्पत्ति की जांच करेंगे।
------------------
कोविड महामारी से देश एक साथ लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान उपायों का संकल्प लें।
मास्क पहनें
दो गज दूरी, है जरूरी।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
हाथ और मुंह साफ रखें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम विश्व आर्थिक मंच के दावोस संवाद को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे। विश्व भर के 400 से अधिक प्रमुख उद्योगपति इस बैठक में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री इस बैठक में मानवता की भलाई के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से चौथी औद्योगिक क्रांति के मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विश्व की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे। एक ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे भारत में हो रहे सुधारों, प्रौद्योगिकी के बढ़ते इस्तेमाल और अन्य मुद्दों सहित देश से संबंधित कई व्यापक विषयों पर चर्चा करने वाले हैं।
दावोस संवाद के तहत विश्व आर्थिक मंच की ओर से कोरोना महामारी के बाद की दुनिया में आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने की बड़ी पहल के एजेंडे पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के करियप्पा मैदान में राष्ट्रीय कैडेट कोर-एनसीसी रैली को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर रक्षामंत्री, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल सूचना प्रौद्योगिकी मंच प्रगति की 35वीं बैठक की अध्यक्षता की। यह य़ोजनाओं के समयबद्ध कार्यान्वयन के लिए मल्टी-मॉडल प्लेटफॉर्म है। इसमें केन्द्र और राज्य सरकारें शामिल हैं। बैठक में नौ परियोजनाओं और एक कार्यक्रम सहित दस विषयों की समीक्षा की गई। नौ में से तीन परियोजनाएँ रेल मंत्रालय, तीन सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और एक-एक परियोजना उद्योग और आंतरिक व्यापार, विद्युत मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय की हैं। 54 हजार 675 करोड़ रुपये की ये परियोजनाएं 15 राज्यों से संबंधित है। इनमें ओडिसा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, झारखंड, बिहार, तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, उत्तराखंड, और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
बैठक में श्री मोदी ने प्रधानमंत्री भारतीय जन-औषधि परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को ढ़ांचागत परियोजनाओं की बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
केन्द्रीय मंत्रिमण्डल की आर्थिक कार्य समिति ने कोपरा के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 375 रूपए की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। अब इसकी कीमत दस हजार 335 रूपये प्रति क्विंटल हो जाएगी। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बताया कि इस फैसले से कोपरे की खेती करने वाले लाखों किसानों को विशेषकर 12 तटीय राज्यों के किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की भलाई के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उठाये गये कदमों के क्रम में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
श्री जावड़ेकर ने कहा कि ऐसा देखा गया है कि जब सरकार कीमतों को बढाती है, तो बाजार में भी इसका सकारात्मक असर पड़ता है।
ऊर्जा मंत्रालय ने कहा है कि भारत और अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी-आईईए के सदस्यों ने कार्यनीतिक भागीदारी तंत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करने तथा वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और टिकाऊपन बढ़ाने के लिए किया गया है। इस भागीदारी से जानकारी का व्यापक आदान-प्रदान बढ़ेगा। यह भारत के अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का पूर्ण सदस्य बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ऊर्जा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के सदस्य और भारत इस भागीदारी के तौर-तरीकों का फैसला करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का सचिवालय भारत में सहयोग की गतिविधियों के कार्यान्वयन के लिए उत्तरदायी होगा। सचिवालय इस भागीदारी को और विकसित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के सदस्यों और भारत के बीच विचार-विमर्श को सुगम बनाएगा।
संसद के बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए राज्यसभा सभापति एम वेंकैया नायडू ने 31 जनवरी को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 29 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुला सकते हैं। सरकार ने भी लोकसभा और राज्यसभा के सुचारू संचालन के लिए 30 जनवरी को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है।
संसद का बजट सत्र 29 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक के संबोधन के साथ शुरू हो रहा है।
पहली फरवरी को केन्द्रीय बजट प्रस्तुत किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कल आर्थिक सर्वेक्षण संसद में प्रस्तुत करेंगी। कोविड महामारी को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही सुबह नौ बजे से दिन में दो बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चलेगी। बजट सत्र का पहला भाग 15 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा भाग 8 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।
देश के राफाल लडाकू विमानों के बेड़े में तीन और विमान शामिल हो गए हैं। ये विमान फ्रांस से उड़ान भरने के बाद सीधे कल रात भारत पहुंचे। भारतीय वायु सेना ने कहा कि तीन राफाल विमान अम्बाला में भारतीय वायुसेना अड्डे पर उतरे। उड़ान के दौरान ही इन विमानों ने ईंधन भरने के साथ ही 7 हज़ार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। इससे पहले फ्रांस से ये विमान दिन में रवाना हुए थे। अंबाला स्थित राफाल स्क्वाड्रन में नए जेट विमानों के शामिल होने से भारतीय वायु सेना की शक्ति और बढ़ जाएगी। भारत ने सितंबर 2016 में फ्रांस से 36 राफाल लड़ाकू विमानों के लिए दोनों देशों के बीच 59 हज़ार करोड़ रुपये का व्यापारिक करार किया था। इन जेट विमानों के शामिल होने से भारतीय वायु सेना के पास राफाल विमानों की संख्या बढ़कर 11 हो गई हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमरीका के नवनियुक्त रक्षा मंत्री लॉयड जे ऑस्टिन से बात की। दोनों नेताओं ने भारत-अमरीका रक्षा सहयोग और मज़बूत बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। श्री सिंह ने कहा कि रणनीतिक साझेदारी मजबूत बनाने के लिए उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत की।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने दिल्ली में लाल किले में ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा से होने वाले नुकसान का कल जायज़ा लिया।
श्री पटेल के साथ उनके मंत्रालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में श्री पटेल ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से इस बारे में एक रिपोर्ट तैयार करने को कहा है जिसे गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से मामले की प्राथमिकी दर्ज कराने को भी कहा।
मैनें दो निर्देश दिये हैं। तत्काल रिपोर्ट बनाई जाये और वो गृह मंत्रालय को सौंपी जाये। और दूसरा कि एफआईआर तत्काल हो। क्योंकि एएसआई के मॉन्यूमेन्ट में लेयर्स हैं हमारे अपने कैटेगरी के हिसाब से। इसलिये मैनें कहा है कि अभी यह तैयारी प्रशासनिक अधिकारी कर लें। ताकि उस आधार पर एफआईआर सुनिश्चित हो सके कि हमको कितनी एफआईआर करनी हैं। रिपोर्ट आने के बाद बाकी चीज़ें स्पष्ट हो सकेंगी।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कल ट्रेक्टर रैली के दौरान हिंसा इसलिए भड़की क्योंकि प्रदर्शनकारी किसानों ने बैठकों में पहले तय किए गए नियमों और शर्तों का पालन नहीं किया। पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा कि ट्रैक्टर रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों के हिंसक व्यवहार के बावजूद पुलिस ने अधिकतम संयम से काम लिया।
जब हमारी किसी से एग्रीमेंट हुई है, हम एग्रीमेंट को अपने इंतजाम करके हम उस एग्रीमेंट पे हम अमल रहना चाहते थे, क्योंकि वही एक तरीका था जो कि हम सभी के हित में था। दिल्ली पुलिस ने जो इंतजाम किया है वो उसी का नतीजा था कि इन सबके बावजूद भी जिस प्रकार की जो वायलेंस हुई एक भी व्यक्ति का मौत पुलिस के एक्शन से नहीं हुआ और पुलिस ने संयम बरत करके इन सारे जो लॉ एण्ड आर्डर सिचुएशन जो उत्पन्न हुआ था उसपे बखूबी ठीक से इसको निकाला।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि हिंसा को लेकर 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के 394 जवान घायल हुए हैं और कुछ अस्पतालों में आईसीयू में भर्ती हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक संपत्तियों के साथ ही 30 पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 50 अन्य को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर कुछ किसान संगठनों ने किसान आंदोलन से अपना समर्थन वापस लेने की घोषणा की है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय संयोजक वी एम सिंह ने कहा है कि वह ऐसे तत्वों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं रह सकते, जिनकी दिशा अलग है। इसलिए राष्ट्रीय किसान मज़दूर संगठन आंदोलन से हट रहा है।
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा है कि दिल्ली में जो कुछ भी हुआ है, उससे उन्हें बहुत दु:ख पहुचा है। इसीलिए उन्होंने विरोध प्रदर्शन से हटने का फैसला किया है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कांग्रेस पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा भडकाने का आरोप लगाया है। नई दिल्ली में कल संवाददाताओं से बातचीत में श्री जावडेकर ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी किसानों को उत्तेजित करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरे देश में अशांति पैदा करना चाहती है।
कांग्रेस ने लगातार उकसाने का काम किया किसानों के आंदोलन में। पंजाब में उनकी सरकार है। राहुल गांधी लगातार केवल समर्थन नहीं कर रहे थे उकसा रहे थे। सी.ए.ए. में भी ऐसा ही हुआ। कांग्रेस की रैली होती है सड़क पर आने के लिए वो उकसाते हैं और दूसरे दिन से सड़क पर आंदोलन शुरू होता है। वैसा ही ये भी आंदोलन है। कांग्रेस हताश है, निराश है, चुनाव में हार रहे हैं। कम्यूनिस्टों की भी वहीं हालत है वो किसी भी तरह से देश में अशांति पैदा करना चाहते हैं। कोई दंगा भड़के, कोई अशांति हो, हिंसा हो, पुलिस सख्ती करे, पुलिस फायरिंग करे, लोगे के जानमान की हानि हो और भड़काया जाए माहौल यहीं कांग्रेस की राजनीति अब बच गई है।
श्री जावडेकर ने कहा कि मंगलवार को हुई हिंसा में शामिल और उत्तेजित करने वालों को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने रैली के दौरान काफी संयम दिखाया है।
केन्द्रीय कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि राष्ट्रीय एल्युमिनियम कंपनी-नालको की ब्राउनफील्ड विस्तार परियोजना सरकार की प्राथमिकता में सबसे ऊपर है। पेट्रोलियम प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के एक पत्र के उत्तर में उऩ्होंने कहा कि उनका मंत्रालय ओडिसा के अंगुल जिले में परियोजनाओं को चालू करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।
श्री धर्मेंन्द्र प्रधान को लिखे पत्र में श्री जोशी ने कहा है कि कंपनी की क्षमता बढ़ाने की प्रस्तावित परियोजनाएं प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत दृष्टिकोण में शामिल हैं। इससे पहले केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने एलुमिनियम की प्रचुरता को देखते हुए अंगुल में नालको के एल्युमिनियम स्मेल्टर प्लांट की वार्षिक क्षमता चार लाख साठ हजार टन से बढ़ाकर दस लाख टन करने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने परियोजना के लिए बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 14 सौ मेगावाट के फीडर केप्टिव पावर प्लांट को भी शुरू करने का प्रस्ताव रखा था। भुवनेश्वर से गिरिशचंद्र दास की रिपोर्ट के साथ मुकेश कुमार।
इलेक्ट्रॉनिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद आज वर्चुअल इंटेलीजेंस टूल तेजस का शुभारंभ करेंगे। तेजस से नागरिक केन्द्रित सेवाएं उपलब्ध कराने और नीतिगत निर्णय लेने की प्रक्रिया में सुधार करने तथा सरकारी सेवाओं की दक्षता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत ने कोविड-19 महामारी के दौरान एक सौ 50 से अधिक देशों को चिकित्सा आपूर्ति और उपकरण उपलब्ध कराए है। इज़राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन संस्थान के 14वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे ही भारत में सामूहिक टीकाकरण आरंभ हुआ तभी से हमने अपने निकतम पड़ौसी देशों को भी टीके की आपूर्ति शुरू कर दी।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य साझीदार देशों को भी दवा उपलब्ध कराए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दुनिया सिर्फ और अधिक सामूहिक प्रयासों से लाभान्वित हो सकती है ताकि हम गंभीर मुद्दों से निपट सकें। डॉ. जयशंकर ने कहा कि आने वाले दिनों में महामारी का मुकाबला स्वाभाविक रूप से वैश्विक एजेंडे पर होगा।
जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर विदेश मंत्री ने कहा, वैश्विक प्रतिबद्धताओं को बरकरार रखने के लिए अमेरिका के रुख का व्यापक रूप से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत आज अपने विश्वास और विश्व की राय दोनों को दर्शाता है क्योंकि वह अपने अक्षय ऊर्जा लक्ष्यों को पूरा करता है, अपने वन विस्तार, जैव-विविधता का विस्तार कर रहा है और प्रभावी जल उपयोग पर ध्यान केंद्रित करता है।
भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों का आज महत्वपूर्ण दिन है। भारतीय सीरम संस्थान द्वारा निर्मित कोविशील्ड टीके की पांच लाख खुराक आज कोलंबो पहुंच रही है। कोविड वैक्सीन का श्रीलंका को दिया गया यह उपहार भारत की टीका मैत्री पहल का एक हिस्सा है जिसके अंतर्गत भारत ने इस क्षेत्र के अन्य सात देशों को कोविड टीका उपहार में दिया है।
मानवता के आधार पर कोविड महामारी के दौरान भारत ने पडोसी प्रथम की नीति और सागर सिद्धांत के अंतर्गत श्रीलंका का पहला स्थान है। पिछले वर्ष सितम्बर माह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिन्दा राजपक्ष को टीका दिये जाने का वादा किया था। श्रीलंका ने इस वर्ष 23 जनवरी को टीके के आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दे दी थी।
गृह मंत्रालय ने कल कोविड-19 महामारी की निगरानी, नियंत्रण और सावधानी के बारे में दिशानिर्देश जारी किए। नए दिशा-निर्देश एक से 28 फरवरी के लिए जारी किए गए हैं। एक रिपोर्ट -
ये दिशा-निर्देश पिछले चार महीने से कोविड महामारी से लड़ाई में उपलब्धि को और सुदृढ़ बनाने के लिए जारी किए गए हैं। दिशा-निर्देशों के अनुसार महामारी पर पूरी तरह काबू पाने तक सावधानी बरतने और निगरानी, नियंत्रण तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने की नीति अपनाने पर जोर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि जरूरत पडने पर जिलाधिकारी, स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों पर विचार करते हुए छोटे स्तर पर सावधानीपूर्वक कंटेनमेंट जोन बना सकेंगे। स्थानीय स्तर पर पुलिस और नगर निगम अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे कि निर्धारित कंटेनमेंट उपायों का सख्ती से पालन किया जा रहा अथवा नहीं। राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारें यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाऐंगी कि लोग मास्क पहनें, बार-बार हाथ धोयें और सुरक्षित दूरी के नियमों का पालन करें। इसके अनुसार कंटेनमेंट जोन के बाहर सभी तरह की गतिविधियों की अनुमति दी गई है, लेकिन इस दौरान मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करना होगा। सामाजिक, खेल, मनोरंजन, शिक्षा, सांस्कृतिक और धार्मिक सभाओं को अधिकतम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ पहले ही अनुमति दी गई है। निर्देश के अनुसार अब संबंधित राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार इस तरह के आयोजनों में लोगों की संख्या निर्धारित की जा सकेगी। सिनेमा हॉल और थिएटरों में 50 प्रतिशत सीटिंग क्षमता के साथ गतिविधियों की अनुमति पहले ही दे दी गई थी। अब उन्हें और अधिक सीटिंग क्षमता के साथ संचालन की अनुमति होगी लेकिन इसके लिए गृह मंत्रालय के परामर्श से सूचना और प्रसारण मंत्रालय संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया जारी करेगा। गृह मंत्रालय ने कहा है कि अब स्वीमिंग पूल में सबको जाने की अनुमति होगी। इसके लिए गृह मंत्रालय के परामर्श से युवा कार्य और खेल मंत्रालय संशोधित दिशा-निर्देश जारी करेगा। बिजनेस टू बिजनेस प्रदर्शिनी हॉल की पहले ही अनुमति थी लेकिन अब सभी प्रकार के प्रदर्शिनी हॉल को मंजूरी दे दी गई है। लेकिन इसके लिए वाणिज्य विभाग संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया जारी करेगा। अंतर्राष्ट्रीय उडानों को बढाने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय को स्थिति के आकलन के आधार पर गृह मंत्रालय के परामर्श से निर्णय लेने की अनुमति दी गई है। समाचार कक्ष से धर्मेन्द्र।
सरकार ने कहा है कि देशव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 20 लाख 29 हजार से अधिक लाभार्थियों को टीके लगाए जा चुके हैं। भारत ने कोरोना के विरुद्ध संघर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। सरकार की समय रहते कार्रवाई और समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखने से कोरोना के दैनिक मामले लगातार घट रहे हैं। इससे कोरोना से हुई मौतों की संख्या में भी लगातार कमी आई है। कोरोना वायरस के सामने आने के आठ महीने बाद संक्रमण से प्रतिदिन की मृत्यु दर घटकर 120 से भी कम रह गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने कहा है कि कोविड-19 का टीका कोवैक्सीन ब्रिटेन में वायरस के नए रूप और भारत में फैल रहे वायरस से बचाने में समान रूप से प्रभावी है। कोवैक्सीन को भारत बायोटैक ने आईसीएमआर के सहयोग से विकसित किया है। ब्रिटेन में नोवेल कोरोना वायरस - सार्स-सीओवी-2 के रूप बदलने के बाद उसके सभी रूपों को पहली बार आईसीएमआर-एनआईवी में सफलतापूर्वक अलग किया गया और जांच में इसका उपयोग किया गया।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कल 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दो लाख 99 हजार 299 लोगों का टीकाकरण किया गया है। नई दिल्ली में अपर स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर मनोहर अगनानी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अब तक कुल 23 लाख 28 हजार और 779 लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोविड का टीका लगवाने के बाद किसी भी प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में सही जानकारी का प्रचार-प्रसार करने और अफवाहों को दूर करने के लिए विभिन्न पक्षों को साथ लेकर चलना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 कोविड के टीके के विकास के लिए जाना जायेगा और दुनिया के सामने इस साल की चुनौती सबसे अधिक जरूरतमंद लोगों को टीके लगाने की होगी।
देश में कोरोना संक्रमण से ठीक होने की दर 96 दशमलव नौ-एक प्रतिशत हो गई है। एक दिन में 13 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक एक करोड तीन लाख 59 हजार से अधिक मरीज से ठीक हो चुके हैं। देश में कोविड से प्रभावित लोगों की संख्या तेजी से घट रही है। इस समय एक लाख 76 हजार मरीज हैं जो कुल मामलों का केवल एक दशमलव छह-पांच प्रतिशत है।
उत्तर प्रदेश में कोविड टीकाकरण का दूसरा अभियान आज से शुरू होगा। राज्य सरकार ने टीकाकरण के लिए सप्ताह में दो दिन निर्धारित किये हैं।
राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों को आज और कल कोविड टीका लगाया जाएगा और साथ ही अगले चरण में चार और पांच फरवरी को भी उनका टीकाकरण होगा। इसके बाद ये टीके अगले चरण में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को लगाए जाएंगे। राज्य सरकार ने सप्ताह में दो दिन गुरुवार और शुक्रवार को कोविड टीकाकरण के निर्धारित किया है। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बात के स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पहले चरण का टीकाकरण समय से और भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में महज 168 कोविड के मरीज सामने आए हैं और प्रदेश में इस समय छह हजार 368 सक्रिय कोविड मरीज अस्पतालों में मौजूद हैं। राज्य में अब तक दो करोड 74 लाख से अधिक कोविड टैस्ट किए गए हैं और लगभग 15 करोड लोगों के साथ कोरोना संक्रमण की जानकारी के लिए सम्पर्क किया गया है। विशेष सर्विलांस अभियान के तहत राज्य की 75 फीसदी से ज्यादा आबादी के साथ स्वास्थ्य कर्मियों ने सम्पर्क स्थापित किया है। सुशील चन्द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
गुजरात में राज्य सरकार ने 9 से 11वीं तक की कक्षाएं एक फरवरी से शुरू करने के आदेश दिए हैं। सरकार ने निजी कोचिंग संस्थानों को भी 9 से 12 तक के कोचिंग क्लास शुरू करने की अनुमति दे दी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह निर्णय कल मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
मंत्रिमंडल के निर्णय की जानकारी देते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह चुडासमा ने कहा कि कक्षा 10 और 12 के लिए पहले से घोषित मानक संचालन प्रोटोकॉल कक्षा 9 और 11 के लिए भी लागू होगी। निजी ट्यूशन क्लास शुरू करने की मंजूरी सिर्फ कक्षा 9 से 12 के लिए दी गई है। राज्य सरकार ने कक्षा 10 और 12 के लिए स्कूल शुरू करने की पहले ही मंजूरी दी हुई है। इस बीच, राज्य में पिछले 24 घंटो में संक्रमण के 353 नए मामले दर्ज हुए, जबकि 462 मरीजों के ठीक होने के साथ अस्पतालों से छुट्टी दी गई। मरीजों के ठीक होने की दर बढकर 96 दशमलव 7 9 हो चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कल 3787 लोगों को टीके लगाये गये। इसके साथ ही राज्य में अब तक 95909 लोगों को कोविड-19 के टीके लगाये जा चुके हैं। योगेश पंड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
महाराष्ट्र में अब तक एक लाख 50 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जा चुका है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य में वैक्सीन लगाने के लिए छह टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं।
महाराष्ट्र में 528 केन्द्रों पर कल 41 हजार 470 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का टीकाकरण किया गया। गढ़चिरोली जिले में सबसे अधिक 126 प्रतिशत टीकाकरण हुआ जबकि सतारा, धुले, वर्धा, जालना और बुलढाणा जिलों में सौ प्रतिशत टीकाकरण हुआ। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉक्टर प्रदीप व्यास ने बताया कि राज्य में अब तक कुल एक लाख 78 हजार 371 स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया गया है। इस बीच राज्य में कोविड-19 के 2 हजार 171 नए मामले दर्ज हुए जिसके साथ कुल मरीजों की संख्या 20 लाख 15 हजार 524 हो गई। वहीं 32 मरीजों की मृत्यु के साथ कुल मृतकों की संख्या 50 हजार 894 हो गई। दूसरी ओर 2 हजार 556 मरीजों को स्वस्थ होने पर कल घर भेज दिया गया, जिससे स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 19 लाख 20 हजार 6 हो गई है। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के 13 विशेषज्ञों का दल चीन के शहर वुहान से कोरोनावायरस महामारी की उत्पत्ति की जांच करेगा। यह टीम संबंधित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए तैयार है। जांच टीम के सदस्य तकनीकी रूप से अपना 14 दिन का पृथकवास आज पूरा करेंगे। वुहान पिछले साल वैश्विक कोविड महामारी के प्रकोप का केंद्र था। टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वर्ष 2019 के अंत में वायरस पहली बार कैसे उभरा था। पूरी दुनिया की नजर इस जांच पर होगी, जिसमें कई बार विलंब हुआ है। पिछले दो सप्ताह से टीम वीडियो कॉल के माध्यम से एक-दूसरे और चीन के वैज्ञानिकों के साथ बातचीत कर रही है।
समाचार पत्रों से-
गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में हिंसा अखबारों की बड़ी खबर है। पंजाब केसरी के शब्द हैं - उन्होंने किया विश्वासघात। पुलिस आयुक्त की चेतावनी, बख्शे नहीं जायेंगे उपद्रवी। दैनिक जागरण का कहना है- बैकफुट पर किसान संगठन, उपद्रव के बाद दो किसान संगठन आंदोलन से हटे।
दैनिक भास्कर की बड़ी खबर है- कोरोना पर केन्द्र के नए दिशा-निर्देश। पूरी क्षमता से खुलेंगे सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल और एग्जिबिशन सेंटर। अमर उजाला की टिप्पणी है - कोरोना नियंत्रण क्षेत्र के बाहर सब कुछ अनलॉक। हिन्दुस्तान का कहना है कि कोरोना के नए रूप के बढ़ते मामलों के बीच केन्द्र ने ब्रिटेन की उड़ानों पर रोक बढ़ाई। स्वदेशी कोवैक्सीन ब्रिटेन के नए वायरस पर भी प्रभावी। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संस्थान ने एक शोध में किया दावा।
बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम पॉक्सो कानून से बरी करने के एक मामले में बम्बई उच्च न्यायालय के फैसले पर उच्चतम न्यायालय की रोक को जनसत्ता सहित अन्य अखबारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्स लिखता है - वेबसीरीज तांडव के निर्माताओं और कलाकारों को सुप्रीम कोर्ट ने दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारी में राहत देने से इंकार किया। न्यायालय ने कहा - लोगों की धार्मिक भावनाओँ को आहत नहीं कर सकते।
राजस्थान पत्रिका सियासी दांव पेंच शीर्षक से लिखता है - बंगाल में नहीं थम रहा बगावत का दौर, तृणमूल की चिंता बढ़ी। डेढ़ साल में एक दर्जन से ज्यादा विधायक हुए भाजपाई, पाला बदले का खेल हुआ तेज।
अमर उजाला की खबर है - अमरीका में बाइडन प्रशासन ने ट्रंप सरकार का फैसला पलटा, एचवन-बी वीजा के तहत जीनसाथी को काम की मंजूरी। भारतीयों को राहत।