मुख्य समाचारः -
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-गणतंत्र दिवस परेड भारत की महान सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के प्रति श्रद्धांजलि; प्रधानमंत्री आज राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं से बातचीत करेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज शाम राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
पूरे देश में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को संसद भंग करने पर सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से निष्कासित किया गया।
एलॉन मस्क की अंतरिक्ष एजेंसी स्पेस एक्स ने एक ही रॉकेट से 143 उपग्रह प्रक्षेपित करने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
-----------
कोविड महामारी के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान एहतियाती उपायों का संकल्प लें।
मास्क पहनें
दो गज दूरी, है जरूरी।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
हाथ और मुंह साफ रखें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि गणतंत्र दिवस परेड भारत की महान सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को जीवंत करने वाले संविधान के लिए यह परेड सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने आए राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना के कैडेट और झांकियों के कलाकारों से कल अपने आवास पर बातचीत की। श्री मोदी ने कहा कि जब वे राजपथ पर जोश के साथ परेड करते हैं, तो प्रत्येक देशवासी का हृदय उत्साह और ऊर्जा से भर जाता है।
राजपथ पर जब आप जोश के साथ कदम-ताल करते हैं तो हर देशवासी जोश से भर जाता है। जब आप भारत की समृद्ध कला, संस्कृति, परम्परा और विरासत की झांकी दिखाते हैं तो हर देशवासी का माथा गौरव से और ऊंचा जाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें आजादी की लड़ाई में बलिदान का अवसर नहीं मिला, लेकिन देश ने हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को मजबूत करने के लिए हमें हरसंभव कोशिश करनी चाहिए।
हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने का अवसर नहीं मिला। क्योंकि हममें से अधिकतर लोग आजादी के बाद पैदा हुए हैं लेकिन हमें देश ने अपना सर्वश्रेष्ठ अर्पित करने का अवसर ज़रूर दिया है। हम जो भी देश के लिए अच्छा कर सकते हैं, भारत को मज़बूत बनाने के लिए कर सकते हैं तो हमें करते ही रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का अर्थ आम नागरिक की सामूहिक शक्ति, खून-पसीना, आकांक्षा और अपेक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बन रही वस्तुओं का सम्मान करना और उन्हें प्रोत्साहन देना है।
वोकल फार लोकल, जो अपने घर के आसपास चीजें बन रही है, स्थानीय स्तर पर बन रही है। उसपर मान करना, उसपर गर्व करना, उसे प्रोत्साहित करना, यही है वोकल फार लोकल। लेकिन ये वोकल फार लोकल की भावना तब और मजबूत होगी जब इसे एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना से शक्ति मिलेगी। ये वोकल फार लोकल, ये आत्मनिर्भर भारत अभियान इनकी सफलता आप जैसे नौजवानों पर टिकी हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में कौशल और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर दिया गया है।
भारत आत्मनिर्भर किसी के कहने भर से ही नहीं होगा, बल्कि मैंने जैसे कहा, आप जैसे देश के युवा साथियों के करने से ही होगा और आप ये तब और ज्यादा बेहतर तरीके से कर पायेंगे जब आपके पास जरूरी स्किल सेट हो। साथियों स्किल के कौशल के इस महत्व को देखते हुए 2014 में सरकार बनते ही स्किल डेवलेपमेंट के लिए विशेष मंत्रालय बनाया गया। साढ़े पांच करोड़ से अधिक युवा साथियों को अलग-अलग कला और कौशल की ट्रेनिंग दी जाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से कोविड-19 के टीकाकरण में मदद करने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें गरीबों और आम जनता को सही सूचना उपलब्ध करानी है।
कोरोना की वैक्सीन भारत में बनाकर भारत के वैज्ञानिकों ने अपना कर्तव्य बेखूबी निभाया है। अब हमें अपना कर्तव्य निभाना है। झूठ और अफवाह फैलाने वाले हर तंत्र को हमें सही जानकारी से परास्त करना है। हमें याद रखना है कि हमारा गणतंत्र इसलिए मजबूत है क्योंकि कर्तव्य की भावना से संकल्पित है। इसी भावना को हमें मजबूत करना है, इसी से हमारा गणतंत्र भी मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष देश स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसके साथ ही देश गुरु तेगबहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व भी मना रहा है। इसी वर्ष नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती भी है, जिसे पराक्रम दिवस के रूप में घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं हमें राष्ट्र के प्रति समर्पित करने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस वर्ष हमारा देश अपने आजादी के 75 वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस वर्ष गुरूतेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व भी है और इसी वर्ष हम नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जन्म जयंती भी मना रहे हैं। अब देश ने यह तय किया है कि नेताजी की जन्मदिवस को हम पराक्रम दिवस के तौर पर मनायेंगे। आजादी के 75 वर्ष गुरूतेग बहादुरजी का जीवन, नेताजी का शौर्य, उनका हौसला ये सबकुछ हम सभी के लिए ये बहुत बड़ी प्रेरणा है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री किरेन रिजिजू और जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरूता भी मौजूद थीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी उपस्थित रहेंगी। सरकार नवाचार, शिक्षा, खेल, कला और संस्कृति, सामाज सेवा और बहादुरी के क्षेत्र में असाधारण योग्यता और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के अंतर्गत बाल शक्ति पुरस्कार- प्रदान कर रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस वर्ष बाल शक्ति पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों के तहत देशभर से 32 बच्चों को चुना गया है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत बाल शक्ति पुरस्कार कला और संस्कृति, खेल, समाजिक सेवा, स्कूली क्षेत्र और बहादुरी के क्षेत्र में असाधारण योग्यता और उत्कृष्ट उपलब्धियों वाले बच्चों को सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चे 21 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 32 जिलों से है। कला और संस्कृति के क्षेत्र में सात पुरस्कार दिये गये हैं। वहीं, नौ पुरस्कार नवाचार के लिए और पांच पुरस्कार स्कूल संबंधी उपलब्धियों के लिए दिया गया है। सात बच्चों को खेल श्रेणी में पुरस्कार दिये गये हैं। इसके अलावा तीन बच्चों को उनकी बहादुरी के लिए और एक बच्चे को समाज सेवा के क्षेत्र में उसके प्रयासों के लिए दिया गया है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द्र ने पुरस्कार विजेता सभी बच्चों की सराहना करते हुए ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से न केवल विजेताओं को प्रेरणा मिलेगी बल्कि लाखों अन्य किशोर भी सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति का संबोधन शाम सात बजे से आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क और दूरदर्शन के सभी चैनलों से हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। राष्ट्रपति के संबोधन के तुरंत बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों से प्रादेशिक भाषाओं में इसका प्रसारण होगा। आकाशवाणी से क्षेत्रीय नेटवर्क पर प्रादेशिक भाषाओं में राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण रात साढे नौ बजे से किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर पहली बार लद्दाख की झांकी भी देखने को मिलेगी। इसमें ऐतिहासिक थिक्से बौद्ध मठ को दर्शाया गया है। गणतंत्र दिवस की झांकी में लेह के पास हानले में स्थित भारतीय वेधशाला भी प्रदर्शित की जाएगी। इस वर्ष राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में 17 राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा कारणों से दिल्ली में कल मेट्रो रेल सेवा में थोड़ी देर के लिए बदलाव किया गया है। दिल्ली मेट्रो के अनुसार हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली येलो लाइन-2 पर आंशिक रूप से मेट्रो सेवा प्रभावित रहेगी। 26 जनवरी को इस मार्ग पर केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे और प्रवेश और निकास की सुविधा नही होगी। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल यात्री केवल इंटरचेंज के लिए कर सकेंगे। वहीं पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन प्रवेश और निकास के लिए सुबह पौने 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा।
देश भर में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में मतदाताओं को मतदाता सूची में नामांकन के लिए प्रेरित करना है। भारत के निर्वाचन आयोग की स्थापना के उपलक्ष्य में हर साल 25 जनवरी को देशभर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। एक रिपोर्ट-
इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य विषय देश के मतदाताओं को सशक्त, सतर्क, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देशभर के मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाई जायेगी और चुनाव प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जायेगा। इस कार्यक्रम में नये मतदाताओं का सम्मान किया जायेगा और उन्हें मतदाता फोटो पहचान पत्र दिये जायेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति वर्ष-2020-21 के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्रदान करेंगे और निर्वाचन आयोग के वेब रेडियो- हेलो वोटर्स का शुभारंभ करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव संबंधी श्रेष्ठ कार्यों के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जायेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ई-ईपीआईसी कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे और पांच नये मतदाताओं को ई-ईपीआईसी और मतदाता फोटो पहचान पत्र देंगे। ई-ईपीआईसी मतदाता फोटो पहचान पत्र का डिजिटल प्रारूप है जिसे मतदाता हेल्पलाइन ऐप और वेबसाइट के माध्यम से देखा जा सकता है। समाचार कक्ष से गौरव राघव।
केन्द्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार असम में घुसपैठ रोकेगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार में घुसपैठ के खिलाफ सख्त कदम उठाने का साहस है। श्री शाह ने कल नलबाडी में पार्टी की एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस असम के लोगों को केवल बांटती है। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में असम ने विकास और शांति की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि सोनोवाल सरकार ने गैंडों का शिकार रोका है और काजीरंगा राष्ट्रीय पार्क को अतिक्रमण मुक्त किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी सरकार असम को बाढ़ मुक्त बनाएगी।
मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार असम के लोगों की बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र- बीटीआर में विकास और शांति के नए युग की शुरूआत हुई है। असम के कोकराझार में पहले बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र- समझौता दिवस के उद्घाटन समारोह में गृहमंत्री ने कहा कि एक समय था जब ये क्षेत्र आतंकवाद और खून-खराबे के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह राज्य का सबसे विकसित क्षेत्र बन चुका है।
बोडो शांति समझौते में प्रधानमंत्री जी ने एक निर्देश दिया कि पूरे उत्तर-पूर्व में जहां-जहां अशांति है, इनसर्जेंसी है सभी लोगों से वार्ता करिए और उनके साथ शांति का रास्ता प्रशस्त करिए। आपका चुनाव भी समाप्त हो गया है और शांति के नए युग की शुरुआत हुई। सालों से चली आई समस्या जिसमें पांच हजार से ज्यादा लोगों की जान ली। मोदी जी के इनिशियेटिव के कारण आज यह समस्या शांत हो गई है और आने वालों अनेक सालों तक हमारा बोडो क्षेत्र विकास के रास्ते पर आगे चल पड़ेगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य की स्थापना की आज स्वर्ण जयंती मना रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 1971 में आज ही के दिन हिमाचल प्रदेश भारत का 18वां राज्य बना था।
हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 वर्ष पूरे होने पर राज्य सरकार स्वर्णिम हिमाचल समारोह मना रही है। शिमला के एतिहासिक रिज मैदान पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के लिए शहर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस समारोह का वर्चुअल माध्यम से सभी जिला मुख्यालयों व उपमंडलों में प्रसारण किया जाएगा। राज्य स्तरीय समारोह से पहले जिला मुख्यालयों और उपमंडल स्तर पर स्वर्ण जयंती समारोह से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। शिमला में होने वाले कार्यक्रम को केन्द्रीय गृहमंत्री अमितशाह वर्चुअली संबोधित करेंगे। समारोह में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी शिरकत करेंगे। इस अवसर पर एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूरा होने के अवसर पर सरकार द्वारा वर्षभर 51 बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। संजीव सुंदरियाल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
केन्द्र सरकार महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत बालिकाओं में शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा मंत्रालय ने समग्र शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत की है, जो विभिन्न स्तरों पर बालिका शिक्षा प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहा है। इसके अलावा देश में शैक्षिक रूप से पिछड़े विभिन्न हिस्सों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को मंजूरी दी गई है। केन्द्र ने माध्यमिक शिक्षा में व्यवसायिक पाठ्यक्रमों को मदद दी है, जिससे बालिकाओं को अपनी पसंद का पाठ्यक्रम चुनने का अवसर मिला है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि यदि आप किसी पुरूष को शिक्षित करते हैं तो आप सिर्फ उसे ही शिक्षित करते हैं लेकिन यदि आप किसी स्त्री को शिक्षित करते हैं तो आप एक पूरी पीढ़ी को शिक्षित करते हैं। प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद से ही नरेंद्र मोदी और केंद्र की उनकी सरकार ने देश की बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए सामाजिक अभियान 'बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का शुभारंभ किया। इसके अंतर्गत देश में बालिकाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की ओर अभूतपूर्व कदम उठाए गए। समग्र शिक्षा कार्यक्रम के तहत देश में छह लाख से अधिक लड़कियों का सफलतापूर्वक नामांकन पांच हजार सात सौ से भी अधिक नवस्वीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कराया जा चुका है। इसी कड़ी में केंद्र में स्कूलों को खोलने, स्कूलों में लड़कियों के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था, आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रावधान और कक्षा आठ तक की लड़कियों को मुफ्त पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने सहित विभिन्न अन्य पहलों का आगाज़ किया। 2020 की राष्ट्रीय शिक्षा नीति द्वारा लाए गए एतिहासिक सुधारों में भी बालिकाओं के विकास को लक्षित करने वाले जेंडर इन्क्लुजन फंड के गठन का प्रस्ताव रखा गया है। इस फंड के इस्तेमाल से स्कूली शिक्षा में लड़कियों के सौ प्रतिशत नामांकन को सुनिश्चित करने के साथ ही उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आनंद चतुर्वेदी, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
केंद्र सरकार ने कोविड महामारी के कारण उत्तराखंड के हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मेले में शामिल होने के इच्छुक सभी श्रद्धालुओं को उत्तराखंड सरकार के पास अपना नामांकन करवाना आवश्यक होगा। सभी श्रद्धालुओं को अपने राज्य के जिला अस्पताल या चिकित्सा कॉलेज या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सा प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा। एक रिपोर्टः
इस वर्ष कुंभ मेला 48 दिन चलेगा और उत्तराखंड सरकार इस महीने के अंत तक मेले के लिए अधिसूचना जारी करेगी। इस वर्ष कोविड महामारी के कारण डेढ महीना चलेगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन को तैयार किया जा रहा है। विभिन्न मार्गों से कई विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी। केंद्र ने मेले के लिए अर्धसैनिक बलों की 40 कंपनियां तैनात करने की मंजूरी दी है। इनमें सशस्त्र सीमा बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की सात-सात कंपनियां, भारत तिब्बत सीमा पुलिस की छह, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और सीमा सुरक्षा बल की 10-10 कंपनियां शामिल हैं। समाचार कक्ष से विजयलक्ष्मी कसोटिया।
सरकार ने कहा है कि देश में अब तक 16 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीके लगा दिये गये हैं। कर्नाटक में सबसे अधिक एक लाख 91 हजार से अधिक लोगों को टीके लगाये गये। इसके बाद ओडि़सा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना का स्थान है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कल टीकाकरण के 9वें दिन पांच राज्यों में 31 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाये गये।
बिहार में कोरोना से नये संक्रमित व्यक्तियों की तुलता में कोविड से स्वस्थ होने वाले की संख्या अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 267 रोगी कोविड से पूरी तरह स्वस्थ हुए जबकि 131 नये मरीजों का पता चला। बिहार में कोविड से स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव पांच शून्य प्रतिशत हो गई है।
गुजरात में कोविड संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। स्वस्थ होने की दर 96 दशमलव पांच-एक प्रतिशत हो गई है। एक रिपोर्ट-
गुजरात में पिछले 24 घंटो में कोविड-19 संक्रमण के 410 नए मामले सामने आये। राज्य में अब तक संक्रमण के 2 लाख 59 हजार 97 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 2 लाख 50 हजार 56 मरीज ठीक हो चुके हैं। कल 704 मरीजों के ठीक होने के साथ अस्पतालों से छुट्टी दी गई। संक्रमण के 92 नए मामले अहमदाबाद में दर्ज हुये, जबकि सूरत में 85 नये मामले सामने आये। राज्य में इस वक्त 4 हजार 960 सक्रिय मामले है, जिसमें से 48 मरीजों को वेंटीलेटर पर रखा गया है। कल एक मरीज़ की मृत्यु के साथ राज्य में कोविड-19 से जान गवाने वाले मरीजों की संख्या 4,376 हो गई है। योगेश पंड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
कर्नाटक में कल चार जिलों में कोविड टीकाकरण अभियान चलाया गया। अल्लारी, बंगलुरू, धारवाड़ और गडग जिलों में दो हजार 15 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए गए। इस बीच, राज्य में कल 573 लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। बंगलुरू शहरी जिला क्षेत्र में सर्वाधिक 306 नए मामले सामने आए। कल 401 लोग स्वस्थ भी हुए, जबकि चार लोगों की मौत हुई।
तेलंगाना में, आज से निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड का टीका लगाया जाएगा। अब तक, राज्य के सरकारी क्षेत्र के लगभग एक लाख 20 हजार से अधिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, सफाईकर्मियों और चिकित्सा से जुडे लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
दिल्ली में कल 185 लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमितों की कुल संख्या छह लाख 33 हजार से अधिक हो गई है। दिल्ली सरकार ने बताया है कि छह लाख 21 हजार से अधिक रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत रोगियों की पहचान के लिए छत्तीसगढ में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अभियान के पहले चरण के दौरान अधिक जोखिम वाले समूहों में गहन जांच की जा रही है।
अभियान के पहले चरण में जेल में बंद कैदियों, खदान श्रमिकों, शहरी मलिन बस्तियों, वृद्धाश्रमों, प्रवासी मजदूरों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की जांच कर टी बी के संदिग्ध और पॉज़िटिव मरीजों की पहचान की जा रही है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष जनवरी से शुरू हुए इस अभियान में अब तक करीब दो लाख 24 हजार लोगों की जाँच की गई है। इनमें 2,029 संदिग्ध मरीज़ों की और 34 टीबी पीड़ितों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा पॉज़िटिव पाए गए मरीजों के घर जाकर काउंसलिंग के बाद तत्काल इलाज शुरू किया जा रहा है। साथ ही, लोगों को जागरूक कर टीबी से बचाव और रोकथाम के तरीके भी बताए जा रहे हैं। अभियान के दूसरे चरण में एक माह तक पूरी आबादी में घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। इस अभियान के दौरान सात लाख लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध करायेगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले महीने से राज्य में महत्वाकांक्षी नि:शुल्क कोचिंग सुविधा अभ्युदय शुरू करने की घोषणा की।
अभ्युदय के ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना वो वादा पूरा किया जो उन्होंने पिछले साल तब किया था जब लॉकडाउन और करोनो की वजह से हजारों छात्र राजस्थान के कोटा और प्रयागराज में फंस गए थे। तब मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया था कि भविष्य में उत्तर प्रदेश के किसी भी छात्र को प्रतियोगी परीक्षाओं की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। अभ्युदय कोचिंग संस्थान बसंत पंचमी से शुरू होंगे। पहले चरण में राज्य के 18 मंडल मुख्यालयों पर यह संस्थान शुरू होंगे जहां कोचिंग वर्चुअली और समान्य कक्षाओं के माध्यम से दी जाएगी। वहीं, विभिन्न सरकारी अधिकरी भी विषय के विशेषज्ञ के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे। अभ्युदय की कक्षाओं के लिए राजकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के आधारभूत ढांचे का इस्तेमाल किया जाएगा। सुशील चन्द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को संसद भंग करने के उनके फैसले को लेकर सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी की केन्द्रीय समिति ने कल एक बैठक में ओली को पार्टी से निकालने का फैसला किया। विरोधी गुट के नेताओं की बार-बार धमकियों के बीच यह कदम उठाया गया। इन नेताओं ने नेपाल की संसद भंग करने के मुद्दे पर उनकी सदस्यता समाप्त करने की धमकी दी थी। विरोधी गुट के प्रवक्ता नारायण काजी श्रेष्ठ ने कहा कि पार्टी के नेता ओली के निष्कासन के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ओली और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड के बीच सत्ता संघर्ष को लेकर ओली ने पिछले वर्ष बीस दिसम्बर को अचानक संसद भंग करने की सिफारिश की थी। इसके बाद नेपाल में राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने प्रधानमंत्री की सिफारिश स्वीकार कर ली और अब तीस अप्रैल तथा दस मई को संसदीय चुनाव कराये जायेंगे।
एलॉन मस्क की अंतरिक्ष एजेंसी स्पेस एक्स ने कल रात एक ही रॉकेट से एक सौ 43 उपग्रह प्रक्षेपित कर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। स्पेस एक्स ने फरवरी 2017 में एक ही रॉकेट से एक सौ चार उपग्रह प्रक्षेपित करने के भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
कल रात प्रक्षेपित एक सौ 43 उपग्रहों में व्यावसायिक और सरकारी क्यूबसेट, माइक्रोसेट और दस स्टारलिंक उपग्रह शामिल हैं। इन उपग्रहों के प्रक्षेपण से स्पेस एक्स ने 2021 तक समूचे विश्व में ब्रॉडबैंड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। सूत्रों के अनुसार स्पेस एक्स ने ध्रुवीय कक्षा में उपग्रह प्रक्षेपण के लिए बहुत कम शुल्क लिया है। उसने प्रत्येक उपग्रह के लिए प्रति किलोग्राम 15 हजार डॉलर लिया है।
गोवा में पणजी के निकट श्यामाप्रसाद स्टेडियम में 51वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव कल रंगारंग और आकर्षक रूप से समारोह पूर्वक सम्पन्न हो गया। डेनमार्क की फिल्म इनटू दि डार्कनेंस को प्रतिष्ठित स्वर्ण मयूर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समाचार पत्रों से-
प्रधानमंत्री की गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाले राष्ट्रीय कैडेट कोर और राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की खबर सभी अखबारों में है। दैनिक जागरण लिखता है-मोदी बोले, भारत को सशक्त बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें नागरिक। पत्र के अनुसार नये स्वरूप में गणतंत्र दिवस समारोह, अतिथि चयन के जरिए पीएम मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई संकेत दिए। दैनिक ट्रिब्यून ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है-अफवाहों के नेटवर्क को हराएं युवा। अमर उजाला के अनुसार राष्ट्रीय बालिका दिवस पर प्रधानमंत्री ने कहा, देश की बेटी को सलाम, गरिमापूर्ण जिंदगी व अवसर सुनिश्चित करें। पत्र के अनुसार लड़कियों को सशक्त बनाने में काम करने वालों का दिन।
किसान आंदोलन पर केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के बयान पर अमर उजाला की सुर्खी है- कोई अदृश्य ताकत है, जो नहीं चाहती हल।
अमर उजाला के अनुसार-असम में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले, कांग्रेस और बदरुद्दीन घुसपैठियों के लिए खोल देंगे दरवाजे। अगर भाजपा सत्ता में आई तो गोली, आंदोलन और बाढ़ से मुक्ति।
भारत और चीन के बीच कमांडर स्तर की 9वें दौर की वार्ता की खबर पर हिन्दुस्तान ने दो टूक शीर्षक से लिखा है-चीन एल.ए.सी. पर मई से पहले की स्थिति बहाल करे। जनसत्ता की सुर्खी है- सैनिकों को हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे भारत-चीन। पत्र के अनुसार वार्ता में सैनिकों को पीछे हटाने के फॉर्मूले पर व्यापक चर्चा।
नवभारत टाइम्स के अनुसार भारत में छह दिन में 10 लाख लोगों को कोविड का टीका, अमरीका-ब्रिटेन पीछे। हिन्दुस्तान कामयाबी शीर्षक से लिखता है-पहले चरण में अब तक देश में 16 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया।
नवभारत टाइम्स के मुताबिक हरिद्वार कुम्भ मेले के लिए केन्द्र ने जारी की गाइडलाइंस, कोरोना रिपोर्ट निगेटिव होने पर ही कुम्भ में एंट्री, टीका ले चुके कर्मचारी ही कर सकेंगे ड्यूटी।
दैनिक भास्कर ने खास खबर में लिखा है-राष्ट्रीय बालिका दिवस पर उत्तराखंड में हुई अनूठी पहल, छह घंटे के लिए सीएम बनीं सृष्टि, अफसरों को जर्जर पुल के लिए चेताया और विपक्ष का भी डटकर किया सामना।
दैनिक जागरण लिखता है-उत्तर प्रदेश में अब प्रतियोगी छात्रों को मिलेगी निशुल्क कोचिंग। पत्र के अनुसार योगी सरकार का हर मंडल मुख्यालय पर अभ्युदय नाम से निशुल्क कोचिंग शुरू करने का फैसला।
मौसम की मार शीर्षक से जनसत्ता का कहना है-बारिश-बर्फबारी से उत्तर भारत में लौटी सर्दी। पत्र के अनुसार उत्तरी राज्यों में आज और गिरेगा तापमान, कई इलाकों में चलेगी शीतलहर।