मुख्य समाचार -
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोरोना वैक्सीन विकसित करने में शामिल तीन टीमों के साथ बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री आज शाम वाराणसी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली उत्सव में भाग लेंगे।
राजस्थान सरकार ने राज्य में 31 दिसंबर तक स्कूल, कॉलेज, सिनेमा और मनोरंजन पार्क बंद करने का फैसला किया।
भारत आज शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों की बैठक की मेजबानी करेगा।
अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाईडेन ने व्हाइट हाउस की संचार टीम में सभी महिलाएं होने की घोषणा की।
गुरु नानक जयंती देश विदेश में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई जा रही है।
--------------
कोविड महामारी के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान एहतियाती उपायों का संकल्प लें।
मास्क पहने
दो गज दूरी, है जरूरी - सुरक्षित दूरी बनाए रखें
हाथ और मुंह साफ रखें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोविड वैक्सीन बनाने के काम में शामिल तीन टीमों- जिनोवा बायोफार्मा, बायोलॉजिकल ई और डॉक्टर रेड्डीज कंपनी के प्रतिनिधियों से आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के एक वक्तव्य में यह जानकारी दी गई है।
इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री पुणे में टीका निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया संस्थान गए और कोविड महामारी को देखते हुए नागरिकों के टीकाकरण के लिए भारत के प्रयासों की तैयारियों, चुनौतियों और भविष्य के रोडमैप की जानकारी ली।
श्री मोदी अहमदाबाद के जायडस बायोटेक पार्क और हैदराबाद में भारत बायोटेक संस्थान भी गए और कोविड की दवा की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
अपने मन की बात कार्यक्रम में कल प्रधानमंत्री ने जल्द से जल्द टीका विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कोरोना वायरस से लड़ने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
करीब-करीब 1 साल हो रहे हैं जब दुनिया को कोरोना के पहले केस के बारे में पता चला था। तब से लेकर अब तक पूरे विश्व ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। लॉकडाउन के दौर से बाहर निकलकर अब वैक्सीन पर चर्चा होने लगी है। लेकिन कोरोना को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही अब भी बहुत घातक है हमें अपनी लड़ाई को मजबूती से जारी रखना है।
केंद्र सरकार ने देश के कोविड वैक्सीन विकास मिशन - कोविड सुरक्षा के लिए तीसरी किश्त के रूप में नौ अरब रुपये के पैकेज की घोषणा की है। यह राशि कोरोना के टीके के देश में शोध और विकास के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि इससे देश में पांच-छह जगह टीके के विकास के काम में तेजी लाने में मदद मिलेगी। इस प्रयास से कोविड के टीके के विकास, प्रमाणीकरण और उसे जन-स्वास्थ्य व्यवस्था में लाकर संक्रमण के फैलाव को रोकने में मदद मिलेगी।
कोविड सुरक्षा मिशन के पहले चरण में बारह महीने के लिए नौ अरब रुपये का प्रावधान किया गया था।
मंत्रालय ने बताया कि शोध और उत्पादन, दोनों क्षेत्रों में बायोटेक्नोलॉजी विभाग ने टीका बनाने के कुल दस तरह के प्रयासों में मदद दी है। रूसी टीके स्पुतनिक के अलावा पांच टीकों का मानवीय परीक्षण चल रहा है और अन्य तीन टीकों का भी जल्दी ही मानवीय परीक्षण शुरू हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि हाल के कृषि सुधारों ने किसानों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं। आकाशवाणी से कल मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि इन सुधारों से किसानों को नए अधिकार मिले हैं जिससे वे सशक्त और बंधनमुक्त हुए हैं।
बीते दिनों हुए कृषि सुधारों ने किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार भी खोले हैं। बरसों से किसानों की जो माँग थी, जिन मांगो को पूरा करने के लिए किसी न किसी समय में हर राजनीतिक दल ने उनसे वायदा किया था, वो मांगे पूरी हुई हैं। काफ़ी विचार विमर्श के बाद भारत की संसद ने कृषि सुधारों को कानूनी स्वरुप दिया। इन सुधारों से न सिर्फ किसानों के अनेक बन्धन समाप्त हुये हैं, बल्कि उन्हें नये अधिकार भी मिले हैं, नये अवसर भी मिले हैं। इन अधिकारों ने बहुत ही कम समय में, किसानों की परेशानियों को कम करना शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अनुरोध किया कि वे अपने आसपास के गांवों का दौरा करके किसानों को खेती में नवाचारों और हाल के कृषि सुधारों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि संकट के समय संस्कृति बहुत काम आती है।
क्राइसिस में कल्चर बड़े काम आता है। इससे निपटने में अहम भूमिका निभाता है। टेक्नोलोजी के माध्यम से भी कल्चर एक इमोशनल रिचार्ज की तरह काम करता है। घर बैठे दिल्ली के नेशनल म्यूजियम गैलरीज का टूर कर पाएंगे। जहां एक ओर सांस्कृतिक धरोहरों को टेक्नोलोजी के माध्यम से अधिक-से-अधिक लोगों तक पहुंचाना अहम है, वहीँ, इन धरोहरों के संरक्षण के लिए टेक्नोलोजी का उपयोग भी महत्वपूर्ण है।
श्री मोदी ने कहा कि देश ने अब लॉकडाउन चरण से बाहर निकलने के बाद कोविड-19 के टीके पर चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि कोरोना के बारे में कोई भी लापरवाही बहुत घातक होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जायेंगे और विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर्व में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
श्री मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के हंडिया-प्रयागराज और राजा तलाब-वाराणसी के छह लेन चौडीकरण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस परियोजना में कुल दो हजार चार सौ 47 करोड रुपये की लागत आई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इससे प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा के समय में एक घंटे की कमी आयेगी।
यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री भव्य देव दीपावली उत्सव के साक्षी होंगे। प्रधानमंत्री पवित्र गंगा नदी में भी कुछ समय बिताएंगे और क्रूज पर सवार होकर लेज़र-शो भी देखेंगे। कार्तिक महीने की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला देव दीपावली उत्सव वाराणसी की सांस्कृति विरासत का हिस्सा है और इस दिन शाम को गंगा के घाट लाखों दियों की रौशनी से जगम हो उठते हैं। शाम को वाराणसी के राजघाट पर प्रधानमंत्री के दीया जलाने के साथ ही इस उत्सव की शुरुआत होगी, जिसके बाद गंगा नदी के दोनों किनारों पर 15 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। विभिन्न सांस्कृतिक समारोह भी उस समय घाटों पर आयोजित होंगे और प्रधानमंत्री यहां पर एक छोटी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निर्माणाधीन काशी विश्वनाथ मंदिर गलियारा परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने के लिए मंदिर भी जाएंगे। वह सारनाथ के पुरातात्विक स्थल पर लाइट एन्ड साउंड शो भी देखेंगे, जिसका उद्घाटन उन्होंने ही इसी महीने की शुरुआत में किया था। सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार, वाराणासी।
देश में कोविड से स्वस्थ होने की दर 93 दशमलव छह-आठ प्रतिशत हो गई है। स्वस्थ लोगों का आंकड़ा 88 लाख दो हजार दो सौ 67 पर पहुंच गया है। संक्रमण के 41 हजार आठ सौ दस नए मरीज सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की संख्या 93 लाख 92 हजार नौ सौ 20 दर्ज हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि चार सौ 96 लोगों की मृत्यु के बाद मृतकों की कुल संख्या एक लाख 36 हजार छह सौ 96 हो गई।
देश में प्रति दस लाख आबादी पर कोविड जांच की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार अभी तक 13 करोड़ 82 लाख से अधिक जांच की जा चुकी हैं।
दिल्ली में कोरोना के चार हजार नौ सौ छह नये रोगियों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 5 लाख 66 हजार से अधिक हो गई है। दिल्ली सरकार ने कहा है कि पांच लाख 22 हजार से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं। कल छह हजार तीन सौ 25 लोग स्वस्थ हुए हैं। 68 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। दिल्ली में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हजार 66 हो गई है।
राजस्थान सरकार ने कहा है कि राज्य के सभी कॉलेज, सिनेमा हाल, मनोरंजन पार्क 31 दिसम्बर तक बंद रहेंगे। यह निर्णय राज्य ने कोविड के बढते मामलों के मद्देनजर लिया है। कल करोना से 18 लोगों की मौत की पुष्टि के साथ राज्य में मरने वालों की संख्या दो हजार दो सौ 92 हो गई हैं। इस दौरान दो हजार पांच सौ 18 नये रोगियों की पुष्टि हुई है।
अब तक दो लाख 34 हजार तीन सौ 36 रोगी ठीक हुए हैं राज्य में इस समय 28 हजार सात सौ 58 रोगियों का इलाज चल रहा है।
गुजरात में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के एक हजार पांच सौ 64 नये रोगियों की पुष्टि हुई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में संक्रमण से स्वस्थ होने की दर 90 दशमलव नौ-पांच प्रतिशत तक पहुंच गई।
गुजरात में कोविड-19 संक्रमण के अब तक 2 लाख 8 हजार 278 मामले सामने आ चुके है, जिसमे से 1 लाख 89 हजार 420 मरीज ठीक हो चुके है। राज्य में अब तक 77 लाख 59 हजार से अधिक लोगो का कोविड-19 के लिए परीक्षण किया जा चुका है। राज्य में इस वक्त 14 हजार 889 सक्रिय मामले है, जिसमे से 86 मरीजों को वेंटीलेटर पर रखा गया है। कल 16 मरीजो की मृत्यु के साथ राज्य में कोविड-19 से जान गवाने वाले मरीजों की संख्या 3,969 हो गई है। इस बीच अहमदाबाद नगर निगम द्वारा शहर के निजी अस्पतालों में 152 अतिरिक्त कोविड बेड शामिल किये गए है। जबकि कुछ होटल और हॉस्टल को कोविड केयर सेंटर के रूप में चलाने के लिए मंजूरी दी गयी है। योगेश पंड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
उच्चतम न्यायालय ने कोविड महामारी के दौरान बच्चों के मानसिक स्वास्थय की देखभाल के लिए मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की है। न्यायमूर्ति रविन्द्र भट्ट ने राज्य में कोरोना महामारी के दौरान प्रत्येक बच्चे के लिए व्यक्तिगत कार्य योजना बनाकर उनके मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल करने और रचनात्मकता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित परामर्शदाताओं के प्रयासों की प्रशंसा की।
मध्य प्रदेश में बच्चों को परामर्श प्रदान करने के लिए राज्य स्तर पर 106 मनोसामाजिक परामर्शदाताओं का पूल तैयार किया गया। मनोसामाजिक परामर्शदाताओं ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर 3 हजार 921 व्यक्तिगत सत्रों का आयोजन किया। इस दौरान बच्चों व उनके परिवारों के साथ 14 हजार 29 सामूहिक परामर्श-सत्र भी आयोजित किये गए। इसी बीच, मध्य प्रदेश में 24 घंटों में कुल 1 हजार 514 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोविड-19 मामलों की संख्या 2 लाख से अधिक हो गयी है। हालाँकि इनमें से अब तक 1 लाख 86 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
तमिलनाडु में इस समय कोविड के मरीजों की संख्या 11 हजार 52 है। पूरे राज्य में कल एक हजार चार सौ 59 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। राज्य सरकार ने कहा है कि वैक्सीन तैयार होते ही यह सभी लोगों को दी जायेगी। एक रिपोर्ट-
राज्य के स्वास्थ्य डॉक्टर सी. विजय भास्कर ने चेन्नई में राजीव गांधी राजकीय अस्पताल में विशेष रूप से कोविड से संक्रमित रोगियों के लिए एक सौ 20 बिस्तरों वाले वार्ड का उद्घाटन किया। यह वार्ड आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वैक्सीन तैयार होने पर सभी लोगों को यह मुफ्त में दी जायेगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के वितरण के लिए कोल्ड चेन नेटवर्क सहित सभी तैयारियां की जा रही हैं ताकि मंजूरी मिलने पर कम समय में ही लोगों के लिए यह उपलब्ध हो सके। जयसिंह आकाशवाणी समाचार चेन्नई।
सरकार ने कहा है कि भारत में प्रति दस लाख आबादी पर कोविड से होने वाली मौत की संख्या विश्व में सबसे कम देशों में से एक है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक ट्वीट में बताया है कि मृत्यु दर में कमी सरकार के प्रयासों का नतीजा है। देश भर में प्रतिदिन कोविड से होने वाली मृत्यु का आंकड़ा 500 से कम है।
कोरोना से बचाव के उपायों पर वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरगंज अस्पताल के डॉक्टर नीरज गुप्ता ने बताया कि शादी समारोहों में शामिल होने के दौरान ऐहतियाति उपाय किया जाना काफी महत्वपूर्ण है। आकाशवाणी से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हमें सार्वजनिक इस्तेमाल में प्रयोग की जाने वाली चीजों से बचना चाहिए।
इसमें डेफिनेटली शेयरिंग एंड हार्ड केयरिंग खतरा होता है। क्योंकि ये उसी इस प्रकार का खतरा है जैसे कि आप अपना मास्क किसी और व्यक्ति को दे दें। सपोज आपने तौलिया यूज़ किया है, आपने उसके इस्तेमाल किये गये कोई चीज जिसमें आप आ जाते हैं, वहां एक रजाई-बिस्तरें में जहां सभी लोग बैठे थे तो चांस है कि आपको संक्रमण हो सकता है।
भारत शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों की परिषद की 19वीं बैठक की आज मेजबानी करेगा। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू इस वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय के वक्तव्य में कहा गया है कि यह बैठक भारत की अध्यक्षता में पहली बार आयोजित की जा रही है। भारत को 2017 में संगठन की पूर्ण सदस्यता मिली थी। यह शिखर सम्मेलन प्रतिवर्ष प्रधानमंत्रियों के स्तर पर आयोजित किया जाता है। शंघाई सहयोग संगठन में व्यापार और आर्थिक एजेंडे पर प्रमुख रूप से ध्यान केंद्रित किया जाता है। भारत ने पिछले वर्ष दो नवंबर को उज्बेकिस्तान से संगठन की अध्यक्षता ग्रहण की थी। भारत का अध्यक्ष के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल आज पूरा हो रहा है। एक रिपोर्ट-
भारत शांति, सुरक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग को बढावा देने के लिए शंघाई सहयोग संगठन को एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय संगठन मानता है। भारत सक्रिय, सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाते हुए शंघाई सहयोग संगठन के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन के शासनाध्यक्षों की परिषद की 19वीं बैठक की अध्यक्षता के दौरान भारत शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए व्यापार, अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करने की आशा रखता है। भारत के प्रयास न केवल कोविड महामारी से उत्पन्न आर्थिक चुनौतियों पर निपटने में संगठन के सदस्य देशों के लिए सहायक होंगे बल्कि संगठन को मजबूत करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता का संकेत भी देंगे। शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों रूस, चीन, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, तजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान के प्रधानमंत्री इस बैठक में भाग लेंगे। पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व विदेश मामलों के संसदीय सचिव करेंगे। संगठन के सदस्य देशों के अलावा इस बैठक में चार पर्यवेक्षक देश भी भाग ले रहे हैं। इनमें अफगानिस्तान के राष्ट्रपति, ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति, बेलारूस के प्रधानमंत्री और मंगोलिया के उपप्रधानमंत्री शामिल हैं। तुर्कमेनिस्तान को मेजबान भारत के विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। तुर्कमेनिस्तान के कैबिनेट मंत्रियों के उपाध्यक्ष इस बैठक में शामिल हो रहे हैं। पेईचिंग से अंशुमन मिश्रा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विजयलक्ष्मी कसोटिया।
भारत ने नाइजर के नियामे में इस्लामिक सहयोग संगठन- ओ.आई.सी. के 47वें सत्र में भारत के संदर्भ में लाये गये प्रस्तावों को तथ्यात्मक रूप से गलत, निराधार और अनुचित बताते हुए दृढ़ता से खारिज कर दिया है। यह सत्र 27 और 28 नवंबर को आयोजित किया गया था। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत के अभिन्न और अविभाजित क्षेत्र- जम्मू-कश्मीर सहित उसके आंतरिक मामलों में इस्लामिक सहयोग संगठन को बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
मंत्रालय ने कहा कि यह खेदजनक है कि ओ.आई.सी. एक ऐसे देश के हाथों इस्तेमाल हो रहा है जिसका धार्मिक सहिष्णुता, कट्टरपंथ और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के मामले में रिकॉर्ड बेहद खराब है। साथ ही यह देश भारत विरोधी प्रचार में भी लिप्त है। मंत्रालय ने इस्लामिक सहयोग संगठन से कहा कि वह भविष्य में इस तरह का उल्लेख न करे।
विदेशमंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने कल संयुक्त अरब अमारात के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से मुलाकात की।
बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत की हर प्रकार से विश्वसनीय साझेदार की भूमिका को रेखांकित किया और कोविड काल के बाद आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार विमर्श किया।
विदेश मंत्री दुबई में एक्सपो 2020 के भारतीय मंडप स्थल पर भी गए। विदेश मंत्री ने नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत और संयुक्त अरब अमीरात की क्षमताओं की प्रदर्शनी के बारे में प्रगति की समीक्षा की।
गुरु नानक जयंती और गुरुपर्व आज भारत सहित विश्व भर में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास से मनाया जा रहा है।
यह पर्व सिखों के प्रथम गुरु गुरुनाक देव जी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने सिख धर्म की स्थापना की थी। इस वर्ष गुरुनानक देव जी का पांच सौ 51वां प्रकाशोत्सव है।
इस दिन श्रद्धालु प्रार्थना और कीर्तन में शामिल होते हैं। अमृतसर क स्वर्ण मंदिर में गुरु पर्व बहुत उल्लास से मनाया जाता है।
गुरुनानक देव जी की जयंती की पर राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संदेश में कहा है कि गुरु नानक देव जी का जीवन और शिक्षाएं सभी मनुष्यों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव ने अपने अनुयायियों को एक ओंकार का मूल मंत्र दिया और जाति, पंथ और लिंग के आधार पर बिना भेदभाव किए सभी मनुष्यों के साथ समान व्यवहार करने पर बल दिया।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक गुरुनानक देव जी अपने आदर्श जीवन के माध्यम से सच्चाई, करुणा और नेकी के प्रतीक रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे गुरु नानक देव जी के लोकहितकारी विचारों से गहन रूप से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि विश्वभर में गुरु नानकदेव जी का प्रभाव देखा जा सकता है।
ये, गुरु नानक देव जी ही थे, जिन्होंने, लंगर की परंपरा शुरू की थी और हमने देखा कि दुनिया-भर में सिख समुदाय ने किस प्रकार कोरोना के इस समय में लोगों को खाना खिलाने की अपनी परंपरा को जारी रखा है, मानवता की सेवा की - ये परंपरा, हम सभी के लिए निरंतर प्रेरणा का काम करती है। मेरी कामना है, हम सभी सेवक की तरह काम करते रहें, गुरुनानक जयंती पर मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरू नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर वहां के लोगों को हार्दिक बधाई दी है। अपने संदेश में उपराज्यपाल ने कहा है कि गुरू नानक देव जी के मन की पवित्रता, ईमानदार जीवन और नि:स्वार्थ सेवा के सिद्धांत भेदभाव रहित समाज को स्थापित करने का आधार हैं।
जम्मू-कश्मीर में राज्य पुलिस और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज इंस्टीट्यूट लिमिटेड के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके अंतर्गत यह संस्थान पुलिस सेवा में काम कर रहे और सेवा के दौरान शहीद हुए जवानों के बच्चों को कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह और पुलिस वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉक्टर रुबिंदर कौर की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर हुए।
छत्तसीगढ़ में कल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद आरंभ होगी। यह अगले वर्ष 31 जनवरी तक जारी रहेगी। धान खरीद के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हमारे संवाददाता की रिपोर्टः -
छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा भी कहा जाता है। इस साल यहां समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए इक्कीस लाख से अधिक किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। इन किसानों ने लगभग अट्ठाईस लाख हेक्टेयर में धान की फसल उगाई है। पिछले साल सरकार ने अट्ठारह लाख से अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर करीब चैरासी लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की थी। धान खरीदी सही तरीके से हो और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य स्तर पर अधिकारियों का एक दल भी गठित किया गया है, जो खरीदी केन्द्रों में जाकर समय-समय पर निरीक्षण करेगा। इसके अलावा सीमावर्ती राज्यों से कोई व्यक्ति अवैध रूप से लाकर छत्तीसगढ़ में धान न बेच पाए, इसके लिए भी सरकार ने सीमावर्ती जिलों में निगरानी रखने के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
हल्दी की घरेलू और निर्यात मांग लगातार बढ़ रही है, क्योंकि इसे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले उत्पाद के रूप में माना जाता है। कोरोना के दौरान, देश और विदेशों में औषधीय गुणों के कारण हल्दी की मांग बहुत बढ़ गई है।
महाराष्ट्र हल्दी की खेती का प्रमुख केंद्र है। यहां पर बड़ी मात्रा में हल्दी की खेती होती है, इनमें सांगली, हिंगोली, बसमत, नांदेड़ और जलगाँव जैस क्षेत्र शामिल हैं। सांगली बाजार हल्दी की प्रमुख मंडी है।
मौजूदा समय में सांगली में हल्दी की चार हजार बोरियां प्रतिदिन बिक्री के लिए आती हैं। हर साल हमारे देश से 50 किलोग्राम हल्दी की सात लाख बोरियां निर्यात की जाती हैं। इस साल कोविड-19 महामारी के कारण 50 किलोग्राम हल्दी की 16 लाख बोरियां दुनिया भर के विभिन्न देशों में निर्यात की गई थी।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कल उत्तर-पश्चिम रेलवे के नए विद्युतीकृत ढ़ीगवारा-बांदीकुई खंड का उदघाटन किया। ढ़ीगवारा स्टेशन पर उन्होंने नए विद्युतीकृत मार्ग पर झंडी दिखाकर पहली ट्रेन को भी रवाना किया। श्री गोयल ने कहा कि इस मार्ग के विद्युतीकरण के बाद रेवाड़ी से अजमेर तक बिजलीकरण का कार्य हो गया है और अब दिल्ली से अजमेर के लिए जल्द ही विद्युतचालित रेलगाडियों का परिचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इन रेलगाडियों के चलने से डीज़ल रेलगाडियां बन्द हो जाएंगी जिससे प्रदूषण खत्म होगा। इससे बाहर से आयातित ईंधन पर निर्भरता कम होगी और राजस्व की बचत होगी।
किसानों को बड़ी राहत देते हुए रेल यातायात के माध्यम से पंजाब में एक लाख 14 हजार तीन सौ 48 मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति की गई है।
राज्य में कुल यूरिया आपूर्ति को विस्तार से बताते हुए आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि 13 हजार सात सौ 65 मिट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति दोआबा क्षेत्र में 26 हजार चार सौ 12 मीट्रिक टन माजा क्षेत्र में और 74 हजार एक सौ 71 मीट्रिक टन मालवा क्षेत्र में की गई है।
अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाईडन ने व्हाइट हाउस की प्रेस टीम में सभी महिलाओँ को नियुक्त किया है। श्री बाईडन ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान विदेश विभाग में प्रवक्ता रहीं जेन पास्की को अपना प्रेस सचिव नियुक्त किया है। सुश्री पास्की वर्तमान में श्री बाईडन और सुश्री कमला हैरिस की टीम के लिए भी कार्य कर रही हैं। सुश्री पास्की व्हाइट हाउस में प्रेस निदेशक और पूर्व विदेश मंत्री जॉन कैरी के नेतृत्व में विदेश विभाग की प्रवक्ता जैसे कई प्रमुख पदों पर कार्य कर चुकी हैं।
एक नज़र आज के मौसम पर-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। तापमान 9 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मुंबई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 22 और 33 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने के आसार हैं। चेन्नई में तापमान 22 और 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कोलकाता में आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आस-पास रह सकता है। श्रीनगर में आसमान साफ रहेगा लेकिन दोपहर बाद या शाम तक आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। गिलगित में तापमान शून्य से दो डिग्री कम और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। गुवाहाटी में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। समाचार कक्ष से सुषमा शर्मा।
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
कोरोना संक्रमण पर हिंदुस्तान की विशेष खबर है- होम आइसोलेशन वालों के घर औचक निरीक्षण होगा। 61 प्रतिशत मरीज है पृथकवास में, 22 हजार से अधिक हैं ऐसे मरीज। दैनिक भास्कर का कहना है- दुनिया के जिन देशों में सर्दी शुरू हो चुकी है वहां कोरोना से मौतें तेजी से बढ़ने लगी है, लेकिन भारत में अभी ऐसा देखने को नहीं मिला। एक नवम्बर के बाद से देश में सात दशमलव दो प्रतिशत कम हुए मरीज और मौत में भी तीन दशमलव आठ प्रतिशत की गिरावट।
दैनिक जागरण की शीर्षक है- जीएसटी डिफाल्टर से रिटर्न फाइल कराने की कोशिश हो रही तेज। राजस्व विभाग के अधिकारी निजी तौर पर संपर्क करने का कर रहे है प्रयास।
हिंदुस्तान का कहना है- पीएफ से निकासी रिटर्न में दिखानी जरूरी होगी, आयकर नियमों के अनुसार कोरोना संकट में विशेष निकासी का विवरण भी जरूरी।
अमर उजाला कहता है- कल से पांच अहम बदलाव, एटीएम के नियम और रसोई गैस के दाम बदलेंगे, 24 घंटे आरटीजीएस और बीमा प्रीमियम घटा सकेंगे।
दैनिक भास्कर का शीर्षक है- देश के सभी रेलवे स्टेशनों पर अब कूल्हड़ में मिलेगी चाय। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा 400 स्टेशनों पर कूल्हड़ में चाय देने की हो चुकी है शुरूआत। सरकार ने प्लास्टिक कप का इस्तेमाल रोकने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
दैनिक जागरण की खबर है- डाक घर बचत खाते में 500 रुपए से कम रखने पर लगेगा शुल्क। जिनके पास चेकबुक नहीं है वे 50 रुपए का न्यूनतम बैलेंस रख सकते हैं।