Download
Mobile App

android apple
signal

August 12, 2025 8:45 PM

समाचार संध्या

printer

मुख्य समाचार :-

 

  • सरकार ने ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में लगभग चार हजार 600 करोड़ रुपये की लागत की चार नई सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाइयों को मंजूरी दी। लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के वन-बी चरण को को भी मंजूरी।
  • खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वां अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड मुंबई में शुरू। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा, भारत वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देने और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध।
  • संसद ने नया आयकर विधेयक पारित किया, यह 1961 के अधिनियम का स्थान लेगा। राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक को भी मंजूरी।
  • देश में खुदरा मुद्रास्फीति जुलाई में घटकर आठ साल के निचले स्तर एक दशमलव पांच-पांच प्रतिशत पर पहुंची।
  • विश्व खेलों में, चीन में, भारत की नम्रता बत्रा ने वुशु में देश के लिए पहला पदक जीतकर इतिहास रचा। महिलाओं के 52 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया।

 

****

 

सरकार ने ओडीशा, पंजाब और आन्‍ध्रप्रदेश में चार नई सेमीकंडक्‍टर परियोजनाओं की स्‍वीकृति दे दी है। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत चार हजार पांच सौ 94 करोड रुपये है। आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के निर्णय की जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि सरकार सेमीकंडक्‍टर और इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स क्षेत्र के लिए मजबूत तंत्र तैयार कर रही है।

 

आज चार सेमीकन्‍डक्‍टर प्रोजेक्‍ट्स अप्रूव हुए हैं। दो ओडिशा में, एक पंजाब में और एक आंध्रा में। 2022 में जब सेमीकन्‍डक्‍टर मिशन लॉंच हुआ, माननीय प्रधानमंत्री जी का दूरदर्शी नेतृत्‍व है। जिसके तहत उन्‍होंने एक लॉंग टर्म स्‍ट्रैटर्ची के तहत काम चालू किया और कम्‍प्‍लीट ईकोसिस्‍टम पर ध्‍यान देने का प्रधानमंत्री जी का हमेशा मार्गदर्शन रहा। तो अब कमप्‍लीट ईकोसिस्‍टम, डिजाइन, वेफर, वेफर फेब्रिकेशन, पैकेजिंग, मैन्युफैक्चरिंग ऑफ कम्‍पोनेन्‍ट, असेम्‍बली टेस्टिंग, फाइरल प्रोडक्‍शन, हर चीज पर इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स के हर सेक्‍टर पर हर डाइमेंशन पर काम चल रहा है।   

 

 श्री वैष्‍णव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में इलेक्‍ट्रॉनिक्स क्षेत्र के विनिर्माण में छह गुना तेजी आई है।

 

मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट जहां दो थे ग्‍यारह वर्ष पहले, आज तीन सौ से अधिक मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स भारत में है और बढ़ते जा रहे हैं, उनका ईको सिस्‍टम बढ़ रहा है, उनके डिफ्रेन्‍ट कम्‍पोनेंट अलग-अलग जगह पर मैन्युफैक्चरिंग हो रहा है। तो उसका ओवरऑल एक बहुत अच्‍छा देशभर में ईको सिस्‍टम होने लगा है। मोबाइल का प्रोडक्‍शन 28 गुना बढा है। अब साढ़े पांच लाख करोड़ का मोबाइल का प्रोडक्‍शन होने लगा है। मोबाइल फोन का एक्‍सपोर्ट एक सौ 27 गुना बढ़ा है। दो लाख करोड़ क्रॉस कर चुका है।     

 

सूचना और प्रसारण मंत्री ने बताया कि सेमीकॉन इंडिया - 2025 दो सितंबर से नई दिल्‍ली में आयोजित होगा, इसमें मलेशिया, जापान, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया साझेदार के रूप में भाग लेगें।

 

 श्री वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने लखनऊ मेट्रो के चारबाग से बसंत कुंज तक वन-बी चरण को भी मंजूरी दे दी है।

 

लखनऊ मेट्रो का फेज़ वन बी बहुत इम्‍पोर्टेन्‍ट है, लखनऊ बड़ा शहर है। वहां पर मेट्रो की बहुत जरूरत है। यहां पर फेज़ वन बी अप्रूव हुआ। फाइव थाउजेंड ऐट हन्‍ड्रेट, वन करोड़ रूपिज़ से। फेज़ वन बी बनेगा ईस्‍ट से वेस्‍ट वाला। चार बाग से ले के वसंत कुंज तक का। तो, इस फेज़ से काफी बड़ी संख्‍या में पैसेन्‍जर्स मेट्रो का लाभ उठा सकेंगे और नागरिकों के लिए बैनेफिट होगा। इस प्रोजेक्‍ट को पांच साल में कमप्‍लीट किया जाएगा।   

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत वैज्ञानिक जिज्ञासा को पोषित करने और युवा मस्तिष्कों को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड के उद्घाटन समारोह में एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि एक करोड़ से ज़्यादा छात्र अटल टिंकरिंग लैब्स में व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से छात्र विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित-स्‍टेम अवधारणाओं को सीख रहे हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सीमाएं अनंत हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, गणित और गणित क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी के मामले में भारत अग्रणी देश है।

 

****

 

संसद ने आयकर विधेयक, 2025 और कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने चर्चा के बाद दोनों विधेयकों को लोकसभा को वापस भेज दिया है। आज शाम राज्‍यसभा में दोनों विधेयकों पर हुई बहस का जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि नए आयकर कानून को करदाताओं के अनुकूल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इसे संक्षिप्त, सरल, पठनीय और समझने में आसान बनाया गया है।

 

श्रीमती सीतारामन ने कहा कि जुलाई 2024 के बजट में किए गए वादे के अनुसार करों से संबंधित नियमों और प्रावधानों को सरल बनाया जा रहा है।

 

****

 

संसद ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक, 2025 को पारित कर दिया है। आज इस विधेयक को राज्‍यसभा में पारित किया गया। लोकसभा पहले ही इसे पारित कर चुकी है। विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सरकार खेल महासंघों के चुनाव में पारदर्शिता लाने के लिए यह विधेयक लेकर आई है।

 

ये बिल में सरकार कोई पावर कैचअप करना नहीं चाहती है। सरकार कोई फेडरेशन में हस्‍ताक्षेप नहीं करना चाहती है। सरकार कोई सिस्‍टम को नहीं कंट्रोल करना चाहती है। सभी में पारदर्शिता सुनिश्‍चित करने के लिए हम उसको सहयोगी होने की कोशिश करेंगे, उसके लिए हम स्‍ट्रक्‍चर देंगे, उसके लिए हम व्‍यवस्‍था देंगे। ताकि एक ट्रांस्‍पेरेंट तरीके से हमारे एथिक्‍स को ऑप्‍च्‍यूनिटी मिले।

 

****

 

लोकसभा में खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2025 चर्चा और पारित करने के लिए पेश किया गया। यह विधेयक खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 में संशोधन करेगा।

 

****

 

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामें के कारण सदन की कार्यवाही आज दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी गई। दोनों सदनों की बैठक अब सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी।  

 

****

 

देश भर के किसान संगठनों के नेताओं और किसानों ने आज नई दिल्ली के पूसा परिसर स्थित सुब्रह्मण्यम हॉल में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और किसानों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए निर्णायक कदमों के लिए आभार और समर्थन व्यक्त किया। बैठक में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

 

किसान संगठनों के अनेक प्रतिनिधियों ने किसान हितैषी ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

****

 

उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फ़ोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री और भारत की जनता को अपनी बधाई तथा शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने व्यापार, संपर्क, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी और द्विपक्षीय सहयोग के कई प्रमुख क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की।

 

****

 

सरकार ने कहा है कि विदेश में रह रहे किसी भारतीय नागरिक-ओसीआई का पंजीकरण तब रद्द किया जा सकता है जब किसी व्यक्ति को कम से कम दो साल की कैद की सजा सुनाई गई हो और उसके खिलाफ सात साल या उससे अधिक की कैद की सजा वाले अपराध के लिए आरोप पत्र दाखिल किया गया हो। गृह मंत्रालय ने आज इसकी सूचना दी।

 

****

 

भारत ने न्यूयॉर्क में समुद्री सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान अंतर्राष्ट्रीय कानून और यू.एन.सी.एल..एस के सिद्धांतों पर आधारित एक स्वतंत्र और नियंत्रित समुद्री व्यवस्था के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विदेश मंत्रालय के सचिव तन्मय लाल ने भारत के महासागर दृष्टिकोण को महत्‍वपूर्ण बताया।

 

****

 

सरकार ने बांग्लादेश से जूट-आधारित उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने कल जारी एक अधिसूचना में कहा है कि जूट के कपड़े, सुतली, रस्सियां और बैग जैसी वस्तुएं अब केवल महाराष्ट्र के न्हावा शेवा बंदरगाह के माध्यम से ही भारत में प्रवेश कर सकती हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू है।

 

****

 

भारत की खुदरा मुद्रास्फीति जुलाई में घटकर आठ साल के निचले स्तर एक दशमलव पांच-पांच प्रतिशत पर आ गई, जो जून में दो दशमलव एक प्रतिशत थी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय से जारी आंकड़ों के अनुसार यह जून 2017 के बाद साल-दर-साल सबसे कम मुद्रास्फीति दर है। इस बीच ग्रामीण क्षेत्रों में मुद्रास्फीति घटकर एक दशमलव एक-आठ प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में दो दशमलव शून्‍य-पांच प्रतिशत रह गई।

 

****

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स आज 80 हजार 236 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 24 हजार 487 दर्ज हुआ। विस्‍तारित बाजार में आज प्रमुख सूचकांक लगभग आधा प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का मिड कैप सूचकांक लगभग चौथाई प्रतिशत गिरा, जबकि स्‍मॉल कैप सूचकांक में ज्‍याद बदलाव नहीं देखा गया। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में आज रुपया, 87 रुपये 71 पैसे पर बंद हुआ।

 

****

 

भारत की नम्रता बत्रा ने आज चीन के चेंगदू में विश्व खेलों की वुशु स्‍पर्धा में भारत के लिए पहला पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने आज शाम महिलाओं के 52 किलोग्राम भार वर्ग के स्वर्ण पदक मुकाबले में चीन की मेंग्यू चेन से 0-2 से हारकर रजत पदक हासिल किया। नम्रता ने कल सेमीफाइनल में फिलीपींस की क्रिज़न फेथ कोलाडो पर शानदार जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया था।

 

****

 

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित धराली-हरसिल क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश जारी है। अब तक एक हजार तीन सौ आठ लोगों को बचाया जा चुका है। उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने आपदा में लापता 68 लोगों की सूची भी जारी की है, जिनमें 25 नेपाल के लोग शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं और बुनियादी ढाँचे को बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

 

****

 

मौसम विभाग ने कल तेलंगाना में मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में कल तेज वर्षा होने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

****

 

हिमाचल प्रदेश से हमारे संवाददाता ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के हवाले से बताया है कि प्रदेश में वर्षा जनित हादसों में अब तक 2 सौ 40 लोगों की मृत्यु हो चुकी।

 

****

 

महाराष्ट्र में "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत, आज पुणे स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल- सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर ने रैली का आयोजन किया। इसमें सीआरपीएफ के सैकड़ों बाइक सवार जवान तख्तियां लिए, स्थानीय समुदाय में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देते हुए देखे गए।

 

****

 

उत्तराखंड में भी देशभक्ति की भावना जगाने के लिए, विभिन्न स्थानों पर हर घर तिरंगा अभियान की रैलियां आयोजित की जा रही हैं।

 

****

 

मणिपुर पुलिस ने आज इम्फाल में हर घर तिरंगा अभियान बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली को मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

****

 

चेन्नई में हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। आम जनता और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के कर्मचारियों ने राष्ट्र निर्माण के महत्व को उजागर करने के लिए मानव श्रृंखला में भाग लिया।

 

****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • सरकार ने ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में लगभग चार हजार 600 करोड़ रुपये की लागत की चार नई सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाइयों को मंजूरी दी। लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के वन-बी चरण को भी मंजूरी।
  • खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वां अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड मुंबई में शुरू। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा, भारत वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देने और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध।
  • संसद ने नया आयकर विधेयक पारित किया, यह 1961 के अधिनियम का स्थान लेगा। राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक को भी मंजूरी।
  • देश में खुदरा मुद्रास्फीति जुलाई में घटकर आठ साल के निचले स्तर एक दशमलव पांच-पांच प्रतिशत पर पहुंची।
  • विश्व खेलों में, चीन में, भारत की नम्रता बत्रा ने वुशु में देश के लिए पहला पदक जीतकर इतिहास रचा। महिलाओं के 52 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया।

 ****